चार दिन पहले पुलिस कैंप के विरोध में किया था प्रदर्शन, अब 5 किलो आईईडी विस्फोटक के साथ उसी नक्सली कमांडर ने किया सरेंडर
दंतेवाड़ा – छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में गुरुवार को 5 किलो आईईडी विस्फोटक के साथ नक्सली कमांडर कोशा कवासी ने सरेंडर कर दिया। उसके ऊपर एक लाख रुपए का इनाम है। खास बात यह है कि कोशा कवासी उसी नक्सल प्रभावित गांव टेटम से आया है, जहां 4 दिन पहले पुलिस कैंप खुलने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था। कोशा भी उस प्रदर्शन में शामिल था।
जानकारी के मुताबिक, नक्सली कमांडर कोशा कवासी ने कुआकोंडा थाने में एसडीओपी देवांश राठौर के सामने सरेंडर किया है। एसपी अभिषेक पल्लव ने सरेंडर की पुष्टी की है। उन्होंने इसे लोन वर्राटू अभियान की कामयाबी बताया है। एसपी पल्लव ने कहा, विश्वास, विकास और सुरक्षा यानी कि लोन वर्राटू अभियान है।
अतिसंवेदनशील गांवों से दिखा रहे हिम्मत
एसपी पल्लव ने कहा, जहां नक्सलियों ने भय और दबाव देकर पुलिस कैंप का विरोध करवाया था। उसी टेटम गांव से चार दिन वही मिलिशिया कमांडर कैडर के नक्सली ने सरेंडर कर दिया। अंदुरुनी, अतिसंवेदनशील गांव के नक्सली ने हिम्मत दिखाते हुए नक्सलियों के चंगुल से आज़ाद होकर मुख्यधारा में जुड़ रहे हैं।