घर पर अकेली थी महिला, केरोसिन डालकर खुद को जलाया, ढ़ाई साल के बेटे की भी मौत
रायपुर- मंदिर हसौद इलाके में एक महिला ने खुद के आग लगा। महिला की चींख और कमरे से निकलते धुएं पर लोगों का ध्यान गया तब तक देर हो चुकी थी। महिला पूरी तरह जल चुकी थी। उसकी मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। पुलिस खिड़की को तोड़कर अंदर गई और दरवाजा खोला। बुरी तरह से महिला झुलस चुकी थी। मंदिर हसौद थाना प्रभारी ने बताया कि महिला का नाम यशोदा धीवर है।

31 साल की इस महिला की शादी तुलसी गांव के मनोज के साथ हुई थी। मनोज टेलरिंग का काम करता है। बुधवार को जब वह काम पर गया हुआ था तभी यह वारदात हुई। महिला ने कमरा बंद कर खुद पर केरोसीन से आग लगा ली। उसका ढ़ाई साल का बेटा निखिल वहीं मौजूद था। जब कमरा खोला गया तो उसकी भी मौत हो चुकी थी। बच्चा जला नहीं है, माना जा रहा है कि दम घुटने से उसकी जान गई होगी। इस घटना के कारणों का पता फिलहाल नहीं चल सका है, जांच जारी है।