कबीरधाम। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर कलस्टर स्तर से लेकर राज्य स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जनपद पंचायत कवर्धा में क्लस्टर स्तर पर रामायण मंडली प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम समनापुर और कोसमंदा में किया गया। जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जनपद पंचायत कवर्धा के उपाध्यक्ष व भाजपा के जिला महामंत्री विरेन्द्र साहू उपस्थित थे।
वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश चन्द्रवंशी ने की। इस अवसर पर उपस्थित जनो को संबोधित करते हुए कार्यक्रम अध्यक्ष साहू ने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है बल्कि यह मनुष्य को सीख देखकर जीवन को सार्थक बनाने की कला सिखाती है। रामायण में जहां भगवान राम को पुरूषोत्तम कहा गया है वही मां सीता की पवित्रता दर्शायी गई है।
लक्ष्मण और भरत ने भाईयों के बीच प्रेम, आदर और त्याग की सीख दी है। साहू ने कहा कि रामायण के हर एक चरित्र से कुछ न कुछ शिक्षा अवश्य प्राप्त होती है। यदि व्यक्ति रामायण को पूजने के साथ उससे मिलने वाली सीख को अपने जीवन में अनुसरण करे तो वह एक आदर्श स्थापित करते हुए सफल जीवन व्यतीत कर सकता है।
इस अवसर पर जहां बड़ी संख्या में रामायण मण्डलियों के साथ ही ग्राम समनापुर के जनपद सदस्य विजय पटेल, गणेश धुर्वे, क्लस्टर के समस्त सरपंच व ग्रामीण जन उपस्थित थे।