
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 173 नगरीय निकायों में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए मंगलवार को मतदान संपन्न हुआ। 10 नगर निगम, 49 नगर परिषद और 114 नगर पंचायतों में हुए चुनाव में 10,422 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है, जिसका फैसला 15 फरवरी को मतगणना के बाद होगा।
final-matdan-percentage-1257747
मतदान प्रतिशत में आई गिरावट, 2019 की तुलना में 6.29% कम वोटिंग
प्रदेश में इस बार 2019 के मुकाबले 6.29 प्रतिशत कम मतदान हुआ। 2019 में 78.48 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2025 में यह घटकर 72.19 प्रतिशत पर आ गया। हालांकि, नगर पंचायतों में जबरदस्त वोटिंग देखी गई।
कोरिया में सबसे ज्यादा, बिलासपुर में सबसे कम मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कोरिया जिले में सर्वाधिक 85 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि सबसे कम मतदान बिलासपुर में 51.37 प्रतिशत दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर भी मतदान के मामले में पीछे रहा, यहां 52.75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ी, 7 जिलों में पुरुषों से ज्यादा मतदान
राज्य के सात जिलों में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा वोटिंग की, जो लोकतंत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
रायगढ़: पुरुष 69.59% – महिला 69.85%
मनेन्द्रगढ़: पुरुष 69.17% – महिला 69.37%
बालोद: पुरुष 66.23% – महिला 67.52%
खैरागढ़: पुरुष 83.50% – महिला 83.51%
नारायणपुर: पुरुष 69.36% – महिला 71.92%
सुकमा: पुरुष 66.42% – महिला 67.49%
कोंडागांव: पुरुष 75.42% – महिला 77.13%
राजनीतिक दलों के दावे तेज, अब 15 फरवरी पर नजरें
मतदान खत्म होते ही राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। सभी दल अपने प्रत्याशियों की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। अब सबकी निगाहें 15 फरवरी की मतगणना पर टिकी हैं, जब चुनावी नतीजे तय करेंगे कि जनता ने किसे अपना जनप्रतिनिधि चुना है।