डीजल चोरी गैंग के मुख्य आरोपी नवीन कश्यप गैंग समेत तीनआरोपी गिरफ्तार, दीपका पुलिस को मिली बड़ी सफलता
गेवरा खदान से 6 हजार डीजल चोरी के मामले में थे आरोपी

@sushil tiwari
एसईसीएल की गेवरा खदान से 6 हज़ार लीटर डीजल चोरी के मामले में दीपका पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी नवीन कश्यप गैंग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को जांजगीर से घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से डीजल चोरी के मामले में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी नवीन कश्यप और उसके गैंग के सदस्य आदतन अपराधी हैं तथा लंबे समय से डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं।
गिरोह के सदस्य एसईसीएल की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका खदानों में डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को संदेह है कि गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की कई घटनाएं की हैं, जिनकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34) निवासी शांति नगर बलगी, शब्बीर मेमन (35) निवासी गांधी चौक गेवरा बस्ती कुसमुंडा तथा परमेश्वर सारथी (28) निवासी शांति नगर बलगी शामिल हैं। तीनों आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और जांजगीर क्षेत्र में छिपे हुए थे।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त की हैं। इनमें वाहन क्रमांक सीजी 12 बीयू 6064 एवं सीजी 28 पी 6555 शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले प्रकरण में धारा 111 एवं 303 बीएनएस तथा दूसरे प्रकरण में धारा 329(2), 303(2), 338, 336(3), 340 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज है।
आरोपी लंबे समय से फरार थे घेरा बंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया-थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि डीजल चोरी मामले में मुख्य आरोपी नवीन कश्यप गैंग सहित तीन आरोपी लंबे समय से फरार थे। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे तीनों को गिरफ्तार किया। मामले में पूर्व में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा डीजल चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।



