बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश : कलेक्टर ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का किया दौरा
जांजगीर-चांपा :
जलमग्न पुल-पुलियों से आवागमन प्रतिबंधित
कलेक्टर श्री नीरज कुमार बनासोड़ ने आज नदी तटों के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ आपदा प्रबंधन से संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं। अतिवृष्टि एवं धमतरी जिले के रविशंकर जलाशय गंगरेल से महानदी में पानी छोडे़ जाने के कारण शिवरीनारायण से लेकर चन्द्रपुर तक नदी तटों में बाढ़ की संभावना बढ़ गई है। कलेक्टर नेे नदी, नालों में बने पुल-पुलियों के ऊपर से पानी का बहाव होने की स्थिति मंे आवागमन को प्रतिबंधित करने के लिए संबंधित राजस्व अधिकारी और पुलिस विभाग को निर्देशित किया है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जलमग्न पुल-पुलियों व सड़कों को पार न करें। कलेक्टर द्वारा सभी जनपद सीईओ, राजस्व अधिकारियों, नगर पलिका के सीएमओ और सभी थाना प्रभारियों को बाढ़ आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिये हैं। बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए जिला कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जिसका दूरभाष क्रमांक – 07817-222032 है। आपात स्थिति में उक्त नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा होमगार्ड के डिस्ट्रीक कमाण्डेट राजेन्द्र मानवटकर के मोबाइल नंबर 94241-89582 पर भी संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नियंत्रण कक्ष मंे प्राप्त सूचना को निर्धारित पंजी मंे संधारित करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचना अग्रेषित करने के निर्देश दिये गये हैं। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को कोटवारों केे माध्यम से मुनादी कराने, नदी तटों पर बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने एवं भोजन आदि की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया है। इसी प्रकार सीएसईबी, पीडब्ल्यूडी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, फूड विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा है।
होमगार्ड के डिस्ट्रीक कमाण्डेट एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री राजेन्द्र मानवटकर ने बताया कि सूरजपुर, कोरिया और बिलासपुर जिले से भी बल बुलाया गया है। सभी बलों को आवश्यक सुरक्षा की सामग्री के साथ शिवरीनारायण, चन्द्रपुर के बाढ़ संभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है तथा रिजर्व स्टाप को जिला मुख्यालय में रखा गया है।