नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने AIICC के कार्यालय में प्रेसवार्ता कर केंद्र की भाजपा सरकार पर कई सवाल उठाए। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल किया कि ये कैसा लोकतंत्र है? कार्यकर्ता अपने पार्टी के दफ्तर में नहीं जा सकता, नेता अपने कार्यकर्ताओं से नहीं मिल सकता। पूरे देश में जो हालात है सबके सामने है। ऐसी स्थिति कभी नहीं हुई।
बघेल ने कहा कि आठ साल से सिर्फ एक व्यक्ति केंद्र सरकार की खामियां उजागर कर रहा है। नोटबन्दी, जीएसटी, लॉकडाउन सहित हर गलत फैसले का राहुल गांधी ने विरोध किया है। वहीं देश में महंगाई, बेरोजगारी, सुरक्षा के मामले में राहुल गांधी आवाज बुलंद कर रहे हैं। भाजपा की सोच है कि राहुल गांधी की आवाज को दबा दिया जाए तो कोई हमारे खिलाफ कोई बोल नहीं पायेगा।
उन्होंने कहा भाजपा का राष्ट्रवाद आयातित राष्ट्रवाद है, जो भी विरोध में हो उसे कुचल दिया जाए। उसी तर्ज पर चलते हुए केंद्र सरकार सेंट्रल एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षी दलों को दबाने के लिए कर रही है। झूठे मामलों में फंसा कर राहुल गांधी को परेशान करने की कोशिश महंगा पड़ेगा।
बघेल ने कहा आजादी लड़ाई में शामिल अखबार को बचाने के लिए कांग्रेस ने कदम उठाया है। उसे मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर फंसाने की नाकाम कोशिश की जा रही है। ये पूरा देश देख रहा है। कहा कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की साजिश में भाजपा को सफलता नहीं मिलेगी।