कबीरधाम

कबीरधाम जिले के दोनों शक्कर कारखानें में सभी शेयरधारक किसानों की होगी गन्ना की खरीदी

शक्कर उत्पादन में लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल शक्कर कारखना प्रदेश में प्रथम

कवर्धा- कबीरधाम जिले में संचालित दो सहकारी शक्कर कारखाना लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल और भोरमदेव कारखाना ने प्रदेश में संचालित अन्य तीन शक्कर कारखानों की तुलना में गन्ना खरीदी, गन्ना पेराई, शक्कर उत्पादन, बिजली उत्पादन और किसानों को राशि भुगतान के मामले में कीर्तिमान स्थापित किया हैं। कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने आज मंगलवार को कबीरधाम जिले के राम्हेपुर में संचालित सहकारी भोरमदेव शक्कर कारखाना और पंडरिया के बिसेसरा में संचालित सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के अधिकारियों की बैठक लेकर दोंनों सहकारी शक्कर कारखाना की पेराई सीजन वर्ष 2018-19 की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के दोनों शक्कार कारखाना के शेयर धारक सभी किसानों से पात्रतानुसार गन्नें की खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक समृद्धि और उनकी आर्थिक तरक्की के लिए जिले में दो सहकारी शक्कार कारखाना संचालित की जा रही है। प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वे जिले के सभी शेयर धारक किसानों के गन्ना खरीदी करे। कलेक्टर ने कहा कि जिले के दोनों सहकारी शक्कर कारखना प्रबंधन और उनके अमले के माध्यम से जिले के सभी शेयर धारक किसानों तक यह संदेश पहुंचाई जाए की उनके सभी गन्नें की खरीदी की जाएगी। बैठक में बताया गया कि राम्हेपुर भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के सभी 12 हजार 741 शेयरधार कृषकों को गन्ना ब्रिकी के लिए पर्ची जारी कर दी गई है, जिसमें 12 हजार 690 शेयर धारक किसानों से गन्ना की खरीदी कर ली गई हैं। शेष किसानों द्वारा जारी पर्ची के अनुसार क्रम में तिथिवार गन्ना की खरीदी की जा रही है। इसी तरह लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल द्वारा सभी 8 हजार 224 शेयर धारक किसानों से गन्ना की खरीदी कर ली गई है।
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में पेराई सीजन वर्ष 2018-19 की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना में कुल 12 हजार 741 शेयर धारक किसान है। शेयर धारक किसानों के 28 हजार 805 एकड़ में गन्ना रकबा है। सभी शेयर धारक किसानों से गन्ना की खरीदी की जा रही है। गन्ना खरीदी में पारदर्शिता लाने के लिए साफ्टवेयर से किसानों का गन्ना पर्ची जारी की जा रही है। अब तक 12 हजार 690 किसानों से 3 लाख 62 हजार 310 मीट्रिक टन गन्न खरीदी कर ली गई है। भोरमदेव शक्कर कारखाना ने 12 हजार 123 गन्ना उत्पादक किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान में 55 करोड़ 10 लाख रूपए राशि भुगतान कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अधिकारियों ने कारखाने की उपब्धियां बताया कि इस सीजन में 4 लाख 50 हजार मैट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी तुलना में अब तक 3 लाख 62 हजार 310 मेंट्रिक टन गन्ना की पेराई कर 3 लाख 56 हजार 140 क्विंटल शक्कर का उत्पादन कर लिया है। शक्कर उत्पादन के मामले में प्रदेश में भोरमदेव शक्कर कारखाना दूसरे स्थान पर है और बिजली उत्पादन के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस पेराई सीजन में 2 करोड़ 79 लाख का बिजली उत्पादन किया है। पेराई सीजन में अब तक का सबसे अधिक गन्नें की पेराई की गई है।
लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के अधिकारियों ने पेराई सत्र 2018-19 के उपलब्धियां बताई। अधिकारियों ने बताया कि इस शक्कर कारखाने में 8224 शेयरधारी किसान है। सभी शेयरधारी किसानों से गन्ने की खरीदी कर ली गई। क्षेत्र में 18734 एकड़ में गन्ने का रकबा था। इस वर्ष 4 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। अब तक किसानों से 3 लाख 22 हजार 920 मीट्रिक टन गन्ना खरीदी कर ली गई है। वर्तमान में 52 हजार मीट्रिक टन गन्ना पेराई की जानी है। इस सीजन में अभी तक 3 लाख 24 हजार 632 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया गया है। शक्कर उत्पादन के मामले में सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कारखाना प्रबंधन द्वारा 7988 गन्ना उत्पादक कृषकों को 51 करोड़ 78 लाख रूपये का भुगतान कर लिया गया है। बिजली उत्पादन के मामले में शक्कर कारखाना ने 3 करोड़ 67 लाख 66 हजार 627 उत्पादन किया गया है।
बैठक में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक श्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के महाप्रबंधक श्री सतीश कुमार पाटले, महाप्रबंधक श्री एन.पी.जायसवाल, महाप्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद राठिया एवं श्री मेघराज सिंह, श्री के.के. यादव, श्री विनीत सिंह, श्री रघुनाथ चंद्रवंशी और श्री यू.के.प्रसाद उपस्थित थे।

 

cgnewstime

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!