
कबीरधाम। प्रदेश का सबसे ज्यादा गन्ना उत्पादन वाले जिले कबीरधाम में एक बार फिर से गन्ने के खेत में भीषण आग लग गई है। यह आग कवर्धा कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हरिनछपरा में लगी है। आग लगने की जानकारी शुक्रवार सुबह किसानों ने जिला प्रशासन की दी। दोपहर एक बजे तक आग को बुझाने का काम चल रहा है।
मौके पर डॉयल 112 और फायर बिग्रेड की टीम मौजूद है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं सका है। लेकिन, किसानों के अनुसार खेत के भीतर से हाई वोल्टेज तार गया है, उसी से ही आग लगने की बात कही है। करीब 10 एकड़ में लगा गन्ना जल गया है, इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान रामावतार पात्रे, पुनाराम पात्रे, विष्णु साहू, बबलू चंद्रवंशी, दसरू धुर्वे ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। गौरतलब है कि इस गन्ना सीजन में यह 11वीं घटना है। कबीरधाम जिले में इस वर्ष करीब 35 हजार हेक्टेयर में गन्ना की फसल लगाई गई है। हर साल जिले में गन्ना के खेत में आग लगने की दर्जनों घटना होती है। इससे किसानों को नुकसान होता है। गन्ना को बेचने के लिए जिले के किसान दो सहकारी शक्कर कारखाना व करीब 250 निजी गुड़ फैक्ट्री में निर्भर है।
आग से जले हुए गन्ना का वजन भी कम आता है। इससे आर्थिक नुकसान होता है। वर्तमान में जिले में निजी गुड़ फैक्ट्री में 300 से 330 रुपए प्रति क्विंटल व सहकारी शक्कर कारखाना में सभी योजना की राशि मिलाकर 400 से 450 रुपये प्रति कुंतल का दाम किसानों को मिलता है।