
कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के बहुचर्चित साधराम यादव हत्याकांड पर सरकार ने NIA जांच का ऐलान किया था। जिसके बाद गुरुवार को डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मृतक साधराम के परिजनों को बीस लाख रुपए का चेक सौंपा। वहीं मिडिया से बातचीत करते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर जमकर पलटवार किया है।
चेक सौंपने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, पहले मैंने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपए का सहयोग के रूप में चेक दिया था। लेकिन आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीस लाख रुपए का चेक भेजा है जिसे मैंने परिजनों को सौंपा है। जांच की दिशा में हमनें बहुत बड़ा कदम उठाया है UAPA लगने के बाद जांच NIA को सौंपा गया है।
जांच प्रखर रूप से चल रही है और इससे बड़ी जांच और क्या हो सकती है। ये हत्या हथियारों से नहीं विचारों से की गई है। इसके तह तक जाना होगा कि, ये गड़बड़ी कवर्धा में क्यों हुई है और किसके शह पर हुई है। इन सारी चीजों को समझना होगा, कवर्धा और पूरे प्रदेश को ठीक करना होगा।