ऊर्जा नगर गेवरा और प्रगति नगर में छठ महापर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
छठ घाट पहुंचे विधायक प्रेमचंद पटेल

ऊर्जा नगर गेवरा और प्रगति नगर में छठ महापर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सुशील तिवारी
आज 7 नवंबर को छठ महापर्व के अवसर पर ऊर्जा नगर गेवरा स्थित बड़े शिव मंदिर तालाब और प्रगति नगर के छठ देव सरोवर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाएँ अपने परिवार के साथ इन पवित्र स्थलों पर पहुँचीं और सूर्य उपासना के इस विशेष पर्व पर विधिवत पूजा-अर्चना की। संध्या अर्घ्य के दौरान महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
सूर्यास्त के समय दोनों स्थानों पर भक्तों का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहाँ दीपों और फूलों से सजे घाटों पर आस्था का माहौल था। गेवरा शिव मंदिर समिति और प्रगति नगर छठ आयोजन समिति द्वारा साफ-सफाई और सजावट का विशेष ध्यान रखा गया था, ताकि श्रद्धालुजन सुगमता से पूजा कर सकें।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल छठ घाट पहुंचे और वहां उपस्थित लोगों से मिलकर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व हमारे समाज की आस्था, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है, जो हमें प्रकृति और सूर्य देवता की उपासना के माध्यम से जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश देता है। पटेल ने सभी के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और इस पावन अवसर पर सभी को एकजुटता और शांति बनाए रखने का आग्रह किया।
पाली रोड दीपका निवासी दिलीप सिंह, महेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि छठ का यह पर्व न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि प्रकृति और जीवन के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी है, जो समाज में सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सशक्त बनाता है।