
सुशील तिवारी
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया। यह कार्यक्रम प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित कार्यालय में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
होली महोत्सव कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार दुश्मनी को भुलाकर समाज में सौहार्द और एकता का संदेश देता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए, इस होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
दीपका नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने भी नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी से सद्भाव और प्रेम को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि होली हमें मिलकर रहने और एक-दूसरे का सम्मान करने की सीख देती है।
इस रंगारंग आयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। सुबह से ही लोगों का आना-जाना लगा हुआ था और लोग स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ डीजे के धुन पर थिरकते हुए होली पर्व के उत्साह को दुगना कर दिया । इस मौके पर द्वारिका शर्मा, रमेश गुरुद्वान, राधेश्याम सिंह, अनिल धीमान, गोल्डी सिंह, गोरेलाल साहू, गजेंद्र राजपूत, ऋषभ साहू, संदीप मानिकपुरी, मुकेश जायसवाल, नितेश साहू, राकेश सिंह और समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ढोल-नगाड़ों की गूंज और होली गीतों के साथ सभी ने रंगों से होली खेली। गुलाल उड़ाते हुए कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और हंसी-खुशी के साथ इस पावन पर्व को मनाया। पूरा माहौल भाईचारे और उल्लास से सराबोर हो गया।
वही दीपका क्षेत्र के आसपास सभी जगह होली पर्व बड़े धूमधाम से शांतिपूर्वक मनाया गया।