कांग्रेस में मंडल कमेटी गठन को लेकर संगठन सर्जन अभियान की बैठक दीपका में संपन्न
जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने रणनीति पर हुआ मंथन

@सुशील तिवारी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में समूचे प्रदेश में चल रहे संगठन सर्जन अभियान के अंतर्गत दीपका ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य मंडल स्तर पर संगठन के पुनर्गठन और सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल करना था।
बैठक में संगठन प्रभारी डॉ. शेख इश्तियाक की मौजूदगी में मंडल कमेटियों की संरचना, भूमिका और उपयोगिता पर व्यापक चर्चा हुई। उन्होंने दीपका क्षेत्र में दो मंडल कमेटियों के गठन का सुझाव देते हुए कहा कि इस कदम से संगठन की पकड़ स्थानीय स्तर पर मजबूत होगी और कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर कटघोरा क्षेत्र के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर ने मंडल कमेटियों की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा तभी मिलेगी जब युवाओं और महिलाओं को इनमें सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देकर संगठन को मजबूती दी जा सकती है।
सांसद प्रतिनिधि पोषक दास महंत ने प्रदेश कांग्रेस के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे संगठन की नींव और अधिक मजबूत होगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सचिव तनवीर अहमद और संयुक्त महामंत्री रजनीश तिवारी ने भी संगठन की बारीकियों पर अपने विचार रखते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिलीप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस की ताकत उसका जमीनी ढांचा है, और यह अभियान उस ढांचे को और सशक्त करने की दिशा में एक सशक्त पहल है। वहीं नगर पालिका के पूर्व प्रत्याशी विशाल शुक्ला, कांग्रेस नेता केदार सिंह और सूरज दास मानिकपुरी ने भी मंडल कमेटियों के गठन को संगठन के विस्तार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में पार्षद इस्तखार अली, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष हर्षित देवी, वरिष्ठ महिला कांग्रेस कार्यकर्ता अंजना जायसवाल, श्रीमती श्रीदेवी नायर, डॉ. राजवाड़े, राम कुमार कंवर, तारकेश्वर मिश्रा, बालेंद्र सिंह, पार्षद कमलेश जायसवाल, अविनाश यादव, आकाश साहू, कांग्रेस नेता खगेश बरेठ, रोशन निर्मलकर, श्रीराम साहू, हरि यादव, कुलदीप तिवारी, फैयाज अंसारी, सरताज कुरैशी, श्रीमती आशा देवी, मीना थापा और श्रीमती सीतामणी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को बूथ और सेक्टर स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।