ऊर्जानगर गेवरा कॉलोनी में एक साथ खिले 8 ब्रह्मकमल, यादव परिवार ने माना सौभाग्य
जन्माष्टमी में आठ ब्रह्म कमल खिलाना सौभाग्य की बात

@सुशील तिवारी
कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गेवरा परियोजना स्थित ऊर्जानगर कॉलोनी के एमक्यू-166 में रहने वाले डंपर ऑपरेटर राजा राम यादव के घर एक अनोखा संयोग देखने को मिला। यहां उनके घर आंगन में एक साथ 8 ब्रह्मकमल खिले। इस अद्भुत दृश्य को देखकर परिवार और आसपास कॉलोनीवासी के लोग खुशी से झूम उठे।
राजा राम यादव की पत्नी श्रीमती आशा यादव ने बताया कि अब तक उनके घर में ब्रह्मकमल के 3 से 4 फूल ही एक साथ खिलते थे, लेकिन इस बार जन्माष्टमी की रात 8 फूलों का एक साथ खिलना उनके परिवार के लिए विशेष सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और आशीर्वाद का संकेत है।
ब्रह्मकमल को धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि इसके खिलने से घर में सुख-समृद्धि आती है। यादव परिवार ने इन फूलों का दर्शन कर दीप जलाकर आरती की और भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी के दिन इस तरह का संयोग मिलना पूरे मोहल्ले के लिए शुभ संदेश है। इस अवसर पर आसपास के कई लोग भी यादव परिवार के घर उपहुंचकर ब्रह्मकमल का दर्शन किए और फोटो खींचे।