CG Breaking: युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस पर हमला और ‘चाची’ विवाद पर सफाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने आज राजधानी रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। टिकरिहा ने इस दौरान हाल के विवादों को लेकर अपनी बात रखी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है।
युवा मोर्चा अध्यक्ष ने मीडिया के सामने कहा—
“मैं निर्दोष हूँ, कांग्रेस मेरे खिलाफ झूठी कहानियाँ गढ़ रही है। लेकिन अब कांग्रेस को मैं बिल्कुल नहीं छोड़ूँगा।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने और भाजपा नेताओं की छवि खराब करने का लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन भाजपा और युवा मोर्चा संगठनात्मक स्तर पर मजबूती के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं और आगे भी युवाओं की आवाज को बुलंद करते रहेंगे।
टिकरिहा की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भाजपा नेताओं का कहना है कि यह कांग्रेस की “भ्रम फैलाने की राजनीति” का जवाब है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने इस बयानबाज़ी को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है।
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि विधानसभा चुनावों से पहले इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप दोनों दलों की रणनीति का हिस्सा हैं। लेकिन टिकरिहा का आक्रामक बयानबाज़ी वाला रुख कांग्रेस-भाजपा के बीच टकराव को और तेज़ कर सकता है।



