Eid Miladunnabi: देशभर में ईद मिलादुन्नबी की धूम, दुर्ग में कड़ी सुरक्षा के बीच निकले जुलूस

Eid Miladunnabi: आज पूरे देश में पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह पर मुस्लिम समुदाय द्वारा जुलूस और रैलियां निकाली जा रही हैं। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी इस पावन अवसर पर रौनक देखने को मिल रही है।
दुर्ग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
ईद मिलादुन्नबी के मद्देनजर दुर्ग जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भापुसे) के निर्देश पर जिलेभर में 12 राजपत्रित अधिकारी, 36 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक, और 250 पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस की सतर्क निगरानी
देर शाम तक मुस्लिम समुदाय द्वारा जिले के कई हिस्सों में धार्मिक जुलूस और रैलियां निकाली जाएंगी। पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही हैं। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और जुलूस के मार्गों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि अगर कोई भी व्यक्ति शांति भंग करने या उपद्रव फैलाने की कोशिश करता है, तो उस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की अफवाह या अशांति फैलाने वालों पर निगरानी रखने के लिए सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।