CG News: शहीद सैनिकों के परिजनों को अब 50 लाख की अनुग्रह राशि, परमवीर चक्र विजेताओं को मिलेगा 1 करोड़

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सैनिक बोर्ड की छठवीं बैठक में सैनिकों और उनके परिजनों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। अब युद्ध या सैनिक कार्यवाही में शहीद होने वाले जवानों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही, परमवीर चक्र विजेताओं को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जो पहले 40 लाख थी।
सैनिकों के लिए नई योजनाओं और लाभों की घोषणा
बैठक में निर्णय लिया गया कि युद्ध या सैन्य कार्रवाई में दिव्यांग हुए सैनिकों को मिलने वाली अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख की जाएगी। इसके अलावा, शौर्य अलंकरण प्राप्त अन्य वीर सैनिकों को भी अब पहले से अधिक अनुग्रह राशि दी जाएगी।
माता-पिता को मिलेगा अधिक जंगी इनाम
अब सैनिकों के माता-पिता को मिलने वाला जंगी इनाम भी बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रति वर्ष कर दिया गया है, जो पहले मात्र 5,000 रुपये था। यह कदम सैनिकों के परिवारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जमीन और मकान की खरीद पर स्टांप ड्यूटी में छूट
सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को अब पहली बार भूमि या गृह क्रय करने पर 25 लाख रुपये तक के स्टांप शुल्क में छूट दी जाएगी। यह सुविधा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा निर्णय है।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों के बलिदान को किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में कहा कि “देश की सुरक्षा में लगे हमारे वीर सैनिकों का बलिदान अतुलनीय है। उनका और उनके परिवारों का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। यह निर्णय केवल अनुग्रह राशि का नहीं, बल्कि हमारी कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।”
बैठक में वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक का आयोजन मंत्रालय महानदी भवन में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत, ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, ब्रिगेडियर डी.एस. बसेरा, और अन्य वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।