EOW- ACB Big Action : सौम्या चौरसिया की आठ करोड़ की 16 अचल सम्पत्तियां कुर्क

रायपुर: छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सौम्या चौरसिया के खिलाफ भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों को लेकर कड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 16 अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है। आरोप है कि ये संपत्तियां भ्रष्ट तरीके से अर्जित की गई हैं।
बेनामी नामों पर खरीदी गई संपत्तियां मिलीं
एजेंसी ने बताया कि सौम्या चौरसिया ने अपने करीबी रिश्तेदारों के नाम से करीब 45 संपत्तियां खरीदीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 47 करोड़ रुपये बताई गई है। इनमें से पहले ही प्रवर्तन निदेशालय ने 29 संपत्तियों को कुर्क किया था, जिनकी कीमत लगभग 39 करोड़ रुपये थी। अब बची हुई 16 संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश विशेष न्यायालय ने दिया है।
विशेष न्यायालय ने जारी किया कुर्की आदेश
राज्य की आर्थिक अपराध शाखा ने विशेष न्यायालय में आवेदन देकर इन 16 संपत्तियों की कुर्की की मांग की थी। 22 सितंबर 2025 को न्यायालय ने अंतरिम कुर्की का आदेश पारित किया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्त नीति को दर्शाती है।