डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी धाम पर नए पर्यावरण परिक्रमा पथ का डॉ. रमन सिंह और केदार कश्यप ने किया उद्घाटन

डोंगरगढ़: धर्मनगरी डोंगरगढ़ में नवरात्र के तीसरे दिन मां बम्लेश्वरी धाम पर आस्था और विकास का अद्भुत मेल देखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वन मंत्री केदार कश्यप ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान करोड़ों रुपये की लागत से बने मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ का लोकार्पण भी किया गया।
दस वर्षों की मेहनत के बाद हुआ तैयार :
लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबा यह पर्यावरण परिक्रमा पथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है। इस परिक्रमा पथ के निर्माण की योजना तब बनी थी, जब डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री थे और डोंगरगढ़ के दौरे के दौरान वन विभाग को इसका कार्यभार सौंपा गया था। लगभग दस वर्षों की मेहनत के बाद यह पथ 2025 में श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है।
धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व:
परिक्रमा पथ में छत्तीसगढ़ के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन के साथ-साथ वन्य जीवन की झलक भी शामिल है, जो इसे धार्मिकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बनाता है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह पथ तब तक सार्थक नहीं होगा जब तक इसे भक्तजन और आम जनता की ओर से सही उपयोग नहीं मिलता।
यह परिक्रमा पथ न केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी साबित होगा। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित थे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।