CBSE Exam 2026: साल में दो बार होंगी बोर्ड परीक्षाएं, पहली परीक्षा 17 फरवरी से…

नई दिल्ली। CBSE (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। बोर्ड ने पहली बार 10वीं की परीक्षा को साल में दो बार आयोजित करने का फैसला किया है।
परीक्षा की संभावित तिथियां घोषित
CBSE के अनुसार, वर्ष 2026 में होने वाली परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी:
पहला चरण: 17 फरवरी से 9 मार्च 2026
दूसरा चरण: 15 मई से 1 जून 2026
छात्र दोनों चरणों में परीक्षा दे सकते हैं, लेकिन अंतिम परिणाम में बेहतर स्कोर को ही मान्यता दी जाएगी।
12वीं की परीक्षा की तारीखें भी तय
कक्षा 12वीं की परीक्षाएं भी 17 फरवरी से शुरू होकर 15 अप्रैल 2026 तक चलेंगी। परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 या 1:30 बजे तक समाप्त होंगी। इससे छात्रों को सुबह के शांत माहौल में परीक्षा देने का फायदा मिलेगा।
204 विषयों में 45 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल
इस बार भारत समेत 26 अन्य देशों से लगभग 45 लाख विद्यार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे। कक्षा 10वीं और 12वीं के कुल 204 विषयों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नतीजे जल्द होंगे घोषित
CBSE ने कहा है कि परीक्षाएं खत्म होने के 10 दिन बाद से मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 12 दिनों में कॉपी जांच का काम पूरा करने की योजना है, जिससे छात्रों को जल्द परिणाम मिल सके।
अंतिम डेटशीट बाद में होगी जारी
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ये तिथियां फिलहाल संभावित हैं। फाइनल डेटशीट स्कूलों द्वारा छात्रों की अंतिम सूची जमा करने के बाद जारी की जाएगी। छात्र CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर समय-समय पर अपडेट चेक कर सकते हैं।