दीपावली से पहले NHM कर्मचारियों को बड़ी सौगात, राज्य शासन ने बढ़ाया 5 प्रतिशत वेतन

रायपुर। दीपावली से पहले राज्य शासन ने नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे कर्मियों के लिए शासन ने 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2023 से प्रभावी होगी।
कुछ कर्मचारी रहेंगे लाभ से वंचित
जारी आदेश के अनुसार, वही अधिकारी-कर्मचारी इस लाभ के पात्र होंगे जिनकी सेवा अवधि 1 जुलाई 2023 तक एक वर्ष पूरी हो चुकी है। इस शर्त के कारण लगभग 1500 से अधिक कर्मचारी वेतन वृद्धि के लाभ से वंचित रहेंगे।
हड़ताल के बाद मिली राहत
गौरतलब है कि NHM कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 33 दिनों तक हड़ताल पर रहे थे। इस दौरान संघ के अध्यक्ष सहित 25 पदाधिकारियों को बर्खास्त भी किया गया था। हड़ताल खत्म होने के दौरान शासन और कर्मचारी संघ के बीच हुई बातचीत में बर्खास्त कर्मियों की बहाली का आश्वासन दिया गया था। अब कर्मचारी वेतन वृद्धि के साथ-साथ बहाली की औपचारिक घोषणा का भी इंतजार कर रहे हैं।
चार मांगें पूरी, जल्द लौट सकते हैं कर्मचारी
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों की 10 मांगों में से चार मांगें पूरी कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है और जल्द ही वे सभी फिर से काम पर लौट सकते हैं।