छत्तीसगढ़

Collector-SP Conference: सीएम का बड़ा ऐक्शन—खुलेंगे 9 नए साइबर थाने, राज्यभर में चलेगा नशा विरोधी अभियान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को चल रही कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन राज्यभर में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा अन्य अपराधों की जड़ है, इसलिए इसके खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाया जाए। सीएम साय ने अधिकारियों को आदेश दिया कि अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई जाए और PIT NDPS Act के तहत समयसीमा में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

युवाओं में जागरूकता फैलाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशाखोरी न केवल अपराधों को जन्म देती है, बल्कि यह युवाओं के भविष्य को भी बर्बाद करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। सीएम साय ने कहा, “नशा एक सामाजिक बुराई है, इससे लड़ने के लिए समाज के सभी वर्गों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ आगे आना होगा।”

महिला और बाल अपराधों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला एवं बालिका से जुड़े अपराधों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि इन मामलों में निर्धारित समयावधि के भीतर चालान प्रस्तुत किया जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके।

साइबर क्राइम पर होगी कड़ी निगरानी

कॉनफ्रेंस के दौरान साइबर अपराधों की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध के तौर-तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए जनता को जागरूक करना और विभागों के बीच बेहतर इंटर-डिपार्टमेंटल समन्वय जरूरी है। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर के व्यापक प्रचार और साइबर जागरूकता अभियान को मजबूत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 5 साइबर थाने संचालित हैं और जल्द ही 9 नए साइबर थाने खोले जाएंगे, जिससे साइबर अपराधों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, रेंज आईजी, कलेक्टर, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जिलों के प्रदर्शन की समीक्षा भी की गई।

Ashok Kumar Sahu

Editor, cgnewstime.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!