सुकमा में 27 नक्सली आत्मसमर्पण: 10 महिलाएं शामिल, कुल 50 लाख रुपये का ईनाम

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल संगठन हड़कंप में हैं और कई नक्सली हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं। इसी कड़ी में सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां 27 नक्सली ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें 17 पुरुष और 10 महिला नक्सली शामिल हैं। सभी पर कुल 50 लाख रुपये के ईनाम घोषित थे।
मंगलवार को भूपति अपने 61 साथियों के साथ किया आत्मसमर्पण
वहीं मंगलवार को नक्सल नेता सोनू उर्फ भूपति अपने 61 साथियों के साथ गढ़चिरौली पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर चुके हैं। उन्होंने अपने साथ 50 हथियार भी सरेंडर किए। भूपति संगठन का बड़े कैडर का नक्सली था और छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा वांटेड था। उस पर 1 से 1.5 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
सोनू उर्फ भूपति द्वारा संघर्ष विराम को लेकर जारी प्रेस नोट के बाद संगठन में खलबली मची थी। नक्सल संगठन ने उसे और उसके साथियों से हथियार छीनने का आदेश PLGA को दे दिया था। संगठन में ही खतरे के चलते सोनू ने आत्मसमर्पण का फैसला किया।
झीरम घाटी हमला और भूपति की भूमिका
गढ़चिरौली पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वाले सोनू उर्फ भूपति वही नक्सली कमांडर हैं, जिन्होंने झीरम घाटी हमले को अंजाम दिया था। इसी हमले में महेंद्र कर्मा, नंदकुमार पटेल और उनके बेटे की हत्या हुई थी, जिसमें कांग्रेस नेतृत्व को भी बड़ा नुकसान हुआ था। सोनू के आत्मसमर्पण के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि झीरम कांड की हकीकत कब सामने आएगी।
भूपति का परिचय
सोनू उर्फ भूपति के कई नाम हैं — मल्लोजुला वेणुगोपाल, विवेक, लक्षन्ना और रूसी। उनका जन्म ग्राम पेद्दापल्ली, जिला करीमनगर, तेलंगाना में हुआ। पिता का नाम वेंकटैय्या है। भूपति की उम्र लगभग 70 वर्ष है। उन्होंने बी. कॉम की पढ़ाई की है और उनकी पत्नी ताराबाई (50 वर्ष, आंध्र प्रदेश निवासी) हैं।