छत्तीसगढ़

National Unity Day: राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात में दिखेगी छत्तीसगढ़ की झांकी

राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) के अवसर पर गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित होने वाली एकता परेड-2025 में छत्तीसगढ़ राज्य की झांकी का चयन किया गया है। यह जानकारी भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची में दी गई है। चयनित राज्यों में जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, मणिपुर, उत्तराखंड, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, एनडीआरएफ और एनएसजी की झांकियां भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ राज्य के जनसंपर्क विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता, लोक परंपराओं और एकता के भाव की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की झांकी “एकता में विविधता” की अनोखी परंपरा को सजीव रूप में प्रस्तुत करेगी।

बस्तर के विकास की झलक दिखाएगी झांकी

इस वर्ष छत्तीसगढ़ की झांकी का थीम “बदलता बस्तर: संघर्ष से विकास की ओर” रखा गया है। जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार की जा रही यह झांकी बस्तर की जनजातीय अस्मिता, पारंपरिक लोकनृत्य, ढोकरा धातु कला, आदिवासी चित्रकला और आधुनिक विकास के समन्वय को प्रदर्शित करेगी। इसका मुख्य संदेश होगा — “बस्तर अब बदलाव की राह पर है, भय से विश्वास की ओर।”

समग्र विकास और शांति की पहचान बनेगा बस्तर

झांकी में दिखाया जाएगा कि जो भूमि कभी संघर्ष और असमानता के लिए जानी जाती थी, आज वही क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के जरिए शांति और समृद्धि का प्रतीक बन रही है। राज्य सरकार की पुनर्वास और विकास नीतियों ने नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थायी परिवर्तन और नए विश्वास का संचार किया है।

Ashok Kumar Sahu

Editor, cgnewstime.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!