मशहूर अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का निधन: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हुआ था जन्म

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक नगरी रायगढ़ में जन्मी प्रसिद्ध अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार, 6 नवंबर 2025 की शाम मुंबई के नानावटी अस्पताल में अंतिम सांस ली। 71 वर्षीय सुलक्षणा बीते लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और हाल ही में उन्हें हार्ट अटैक आया था।
रायगढ़ की माटी से निकली सुरों की साधिका
12 जुलाई 1954 को रायगढ़ में जन्मी सुलक्षणा पंडित का जीवन संगीत और संस्कृति से गहराई से जुड़ा रहा। उनके पिता प्रताप नरेन पंडित, रायगढ़ दरबार के जाने-माने कलाकार थे और महान संगीतकार पंडित जसराज के छोटे भाई थे।
रायगढ़ के राजा चक्रधर सिंह के दरबार से जुड़े इस परिवार ने छत्तीसगढ़ के नरियरा गांव (जिसे छत्तीसगढ़ का वृंदावन कहा जाता है) में भी वर्षों बिताए। बाद में, पंडित जसराज के मार्गदर्शन में पूरा परिवार मुंबई आ गया, जहाँ से सुलक्षणा ने अपना स्वर्णिम फिल्मी सफर शुरू किया।
अभिनय और गायन दोनों में बिखेरा जलवा
सुलक्षणा पंडित ने मात्र 9 वर्ष की उम्र (1967) में संगीत की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने ‘उलझन’, ‘अपनापन’, ‘हेरा फेरी’, ‘संकल्प’, ‘वक्त की दीवार’, ‘धरम कांटा’ और ‘अमानत’ जैसी कई फिल्मों में अपनी मधुर आवाज़ और सादगी भरे अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। उनका परिवार भी संगीत से गहराई से जुड़ा रहा — उनके भाई जतिन-ललित बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीत निर्देशक जोड़ी हैं, जबकि बहन विजेता पंडित भी जानी-मानी अभिनेत्री हैं।
अधूरा रहा प्रेम, और संयोग भी अनोखा
फिल्मी गलियारों में यह चर्चा रही कि सुलक्षणा पंडित को अभिनेता संजीव कुमार से गहरा स्नेह था, लेकिन यह प्रेम अधूरा रह गया। दिलचस्प संयोग यह रहा कि संजीव कुमार का निधन भी 6 नवंबर को हुआ था, और अब वर्षों बाद उसी तारीख को सुलक्षणा ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
भारतीय सिनेमा ने खोई एक संवेदनशील कलाकार
सुलक्षणा पंडित का जाना भारतीय संगीत और फिल्म जगत के लिए अपूर्व क्षति है। रायगढ़ की इस प्रतिभा ने देशभर में सुर, सादगी और संवेदनशीलता की मिसाल कायम की। वह न केवल छत्तीसगढ़ का गर्व रहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा में एक अमिट पहचान छोड़ गईं।



