आज होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक: जनदर्शन में CM साय ने दिव्यांग बच्चों से की मुलाकात

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में धान खरीदी व्यवस्था, किसानों के भुगतान और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित दौरे की तैयारियों और विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
एक साल बाद सीएम हाउस में लगा जनदर्शन, भारी भीड़ उमड़ी
गुरुवार को लगभग एक साल बाद सीएम हाउस में जनदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएँ और आवेदन लेकर पहुंचे।
इसी दौरान मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के तेलीबांधा की 11 वर्षीय पूनम से भी मुलाकात की। पूनम सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है और बोलने में सक्षम नहीं है, लेकिन वह अपने पैरों की मदद से अत्यंत सुंदर चित्र बनाती है।
मुख्यमंत्री ने उसकी प्रतिभा की सराहना करते हुए पूनम और उसकी मां से आत्मीय बातचीत की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
दिव्यांग खिलाड़ी को 90 हजार की आर्थिक मदद
जनदर्शन के दौरान अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की समस्या भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में आई।
साहू ने व्हीलचेयर और खेल सामग्री खरीदने के लिए सहायता मांगी थी। उनकी आवश्यकता को समझते हुए मुख्यमंत्री साय ने तत्काल निर्णय लेकर 90,000 रुपये का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया और मौके पर ही चेक प्रदान किया।



