छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने के साथ हादसों में इजाफा, आग तापते समय दो महिलाओं की मौत

छत्तीसगढ़ में लगातार गिरते तापमान ने ठंड का असर तेज कर दिया है। मौसम में बढ़ती ठिठुरन के साथ ही आग तापते समय होने वाले हादसे भी बढ़ने लगे हैं। राज्य के दो जिलों—सूरजपुर और सरगुजा—में आग से झुलसकर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई।
सूरजपुर: हीटर से झुलसकर 35 वर्षीय महिला की मौत
पहली घटना सूरजपुर जिले के जोबगा ग्राम की है। यहां 35 वर्षीय लीला बरवा, पत्नी रामदास, की हीटर से झुलसकर मौत हो गई। 14 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे महिला घर में अकेली थी। ठंड से बचने के लिए वह हीटर जलाकर ताप रही थी, तभी अचानक वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से जल गई।
जब पति घर लौटा तो लीला घायल अवस्था में मिली। उसे तुरंत सूरजपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन गंभीर जलने के कारण इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सरगुजा: चूल्हे में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत
दूसरी घटना मैनपाट थाना क्षेत्र के सुपलगा गांव की है। यहां 65 वर्षीय परमेश्वरी नायक, पत्नी नंदलाल नायक, आग तापते समय गंभीर रूप से झुलस गईं। वह घर में चूल्हे के पास आग सेक रही थीं। उठने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे चूल्हे में गिर पड़ीं, जिससे उनके कपड़ों में आग लग गई।
महिला की चीख सुनकर पति नंदलाल ने दौड़कर आग बुझाई और घर पर ही जड़ी-बूटी से उपचार का प्रयास किया। लेकिन हालत बिगड़ने पर 15 नवंबर को उन्हें कमलेश्वरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।



