रायपुर में आज शाम 32 टंकियों से पानी सप्लाई बंद, 8 घंटे का शटडाउन, ये क्षेत्र होंगे प्रभावित

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज शुक्रवार की शाम बड़ी पानी संकट की स्थिति बन सकती है। भाठागांव रोड पर 12 फीट नीचे बिछी MM पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसकी मरम्मत के लिए नगर निगम जल विभाग ने 150 MLD पानी प्लांट को 8 घंटे के शटडाउन पर रखने का निर्णय लिया है। इस वजह से शहर के कई इलाकों में पीने के पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
3 लाख लोगों पर सप्लाई बंद रहने का असर
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग सीमित रखें। शटडाउन के कारण लगभग 3 लाख लोग प्रभावित होंगे और उन्हें आज शाम पानी नहीं मिल पाएगा। जल विभाग भाठागांव मुख्य मार्ग स्थित गणेश ट्रेडर्स के पास पाइपलाइन लीकेज को ठीक करेगा। मरम्मत कार्य के चलते 150 MLD प्लांट से भरने वाली 32 टंकियों में 21 नवंबर की शाम पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
8 घंटे शटडाउन के बाद अगले दिन सुबह से नियमित आपूर्ति
जल विभाग 21 नवंबर को पाइपलाइन की मरम्मत करेगा। इसके चलते 8 घंटे तक पानी उत्पादन और टंकियों में भरने का काम बंद रहेगा। शटडाउन के बाद 22 नवंबर की सुबह से सभी प्रभावित टंकियों से नियमित जल प्रदाय शुरू हो जाएगा।
ये इलाके होंगे प्रभावित
शहर के जिन क्षेत्रों में शाम को पानी सप्लाई बंद रहेगी, उनमें शामिल हैं—
150 MLD प्लांट से सप्लाई वाले क्षेत्र: भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, पानी टंकी क्षेत्र, डीडीनगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीरनगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंतिविहार, मंडी, मोवा पानी टंकी क्षेत्र, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी, नया पानी टंकी क्षेत्र, रायपुरा, कुकुरबेड़ा पानी टंकी क्षेत्र।
80 MLD प्लांट से सप्लाई वाले क्षेत्र:
बैरनबाजार नया पानी टंकी, देवेंद्र नगर नया पानी टंकी, संजय नगर, मोतीबाग पानी टंकी।



