भूपेश बघेल का तीखा हमला: कहा— ‘भाजपा से लड़ने में कांग्रेस को सभी कार्यकर्ताओं की जरूरत, पर अमित जोगी की नहीं’

छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। जोगी कांग्रेस के नेता अमित जोगी द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा को हराने के लिए एकजुट होने की अपील के बाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने करारा पलटवार किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस को भाजपा से लड़ाई के लिए सबकी जरूरत है, लेकिन अमित जोगी जैसे लोगों की नहीं।
धान खरीदी व्यवस्था पर भी उठाए गंभीर सवाल:
बघेल ने राज्य में चल रही धान खरीदी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई किसानों के नाम लिस्ट से हटाए जा रहे हैं और उनका धान खरीदा ही नहीं जा रहा। सर्वर लगातार डाउन रहने से टोकन कट नहीं पा रहे, BLO घंटों मेहनत के बावजूद मुश्किल से फॉर्म जमा कर पा रहे हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि किसानों पर बीजेपी के गुंडों का दबाव बनाया जा रहा है और BLO को भी मजबूरी में उनके इशारों पर काम करना पड़ रहा है।
‘केंचुआ’ बयान से चुनाव आयोग पर सीधा हमला
भूपेश बघेल ने केंद्रीय चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब तक इंसान साँप-बिच्छू के काटने से मरते सुने थे, लेकिन किसी को केंचुए के काटने से मरते नहीं सुना। बघेल के अनुसार यहाँ ‘केंचुआ’ का मतलब केंद्रीय चुनाव आयोग है। रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को चुनौती दी कि राज्य सरकार अब तक कोई आधिकारिक आंकड़ा तक नहीं दे पाई है। उनके मुताबिक यह सिर्फ राजनीतिक डर फैलाने और वोट साधने की रणनीति है।



