दीपका में एटक को बड़ा झटका : एरिया अध्यक्ष जीत सिंह व यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह समेत 70-75 कामगार HMS में हुए शामिल
यूनियन के सदस्यता सत्यापन में दिखेगा असर

@सुशील तिवारी
आज का दिन कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब एटक यूनियन के बड़े पदाधिकारियों एवं 70-75 सदस्यों ने सामूहिक रूप से संगठन से इस्तीफा देकर हिंद मजदूर सभा एचएमएस की सदस्यता ग्रहण की। इस सामूहिक निर्णय में एटक दीपका एरिया अध्यक्ष जीत सिंह और यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह,सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े के अलावा HMS के यूनिट जेसीसी मेंबर राजकुमार राठौर की कारगर रणनीतिक भूमिका रही।
प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में कोयला मजदूर सभा जय घोष के साथ एटक से जुड़े बड़े पदाधिकारी एचएमएस में शामिल हुए। कार्यक्रम में एचएमएस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कोयला मजदूर सभा एचएमएस के वरिष्ठ श्रमिक नेता एवं स्टीयरिंग कमेटी सदस्य रेशम लाल यादव और तरुण राहा ने आये सभी सदस्यों को सम्मानपूर्वक अंग वस्त्र और फूलमाला पहना कर एचएमएस की सदस्यता दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेशम लाल यादव ने कहा कि एचएमएस हमेशा मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है उन्होंने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा तथा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए HMS दीगर यूनियन से आगे रहा है ।
एचएमएस के महामंत्री तरुण राहा ने कहा कि मजदूरों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संगठन की नीतियों को श्रमिक हितैषी बताते हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत किया ।
वहीं एटक छोड़ HMS में आये जीत सिंह ने कहा कि मजदूरों के व्यापक हित और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने साथियों के साथ एचएमएस में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के माध्यम से श्रमिकों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम पर सफल संचालन वेलफेयर मेंबर एसडी तिवारी ने की।



