नोटिस जारी: नपा दीपका के विद्युत पोल/स्ट्रीट लाइट कार्य में अनियमितता पर ठेकेदार-इंजीनियर को जवाब तलब
तीन दिवस के अंदर देना होगा जवाब

@sushil tiwari
नगर पालिका परिषद दीपका में वार्ड क्रमांक 01, 04, 05, 06, 10 एवं 11 में चल रहे विद्युत पोल स्थापना/विस्तार कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर विभाग सख्त हो गया है। शिकायतों के आधार पर संबंधित ठेकेदार तथा इंजीनियर को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जारी पत्र के अनुसार कार्य की गुणवत्ता को लेकर समाचार पत्रों में इसका प्रकाशन किया गया था । नपा दीपका के वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल द्वारा उक्त शिकायत की गई थी। शिकायत में विद्युत पोल निर्धारित गहराई में स्थापित नहीं किए जाने, केबल की कम गहराई, तथा प्राक्कलन के विपरीत कार्य किए जाने जैसी गंभीर बातें सामने आई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने संबंधित ठेकेदार और उप अभियंता को निर्देशित किया है कि वे स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें और कार्य को प्राक्कलन तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि कार्य में त्रुटि पाई जाती है तो तीन दिवस के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि गुणवत्ता विहीन या प्राक्कलन से अलग कार्य पाए जाने पर अनुबंध शर्तों के अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर भुगतान रोका जा सकता है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को कार्य की भौतिक स्थिति का स्पष्ट विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
बताया गया है कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है और शिकायत के आधार पर गुणवत्ता की जांच प्रारंभ कर दी गई है।



