चैत्र नवरात्रि पर्व पर भागवत कथा आयोजन: मां कालरात्रि की महिमा से गूंजा शिवधाम ज्योतिनगर, भक्तिमय माहौल चरम पर
शिव धाम ज्योतिनगर में उमड़ रही है भक्तों की भीड़

@sushil Tiwari
दीपका के पाली रोड स्थित मां दीपेश्वरी माता मंदिर शिव धाम ज्योति नगर में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के सप्तम दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल चरम पर रहा। कथा के दौरान पंडित रमाकांत महाराज ने भगवती कालरात्रि की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया।

उन्होंने बताया कि भगवती योगमाया राजराजेश्वरी मां कालरात्रि भय और अज्ञान का नाश करने वाली हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार माता दुर्गा ने रक्तबीज का संहार करने के लिए अपने तेज से कालरात्रि का अवतार लिया था। मां कालरात्रि को शुभंकरी भी कहा जाता है, क्योंकि वे सदैव अपने भक्तों को शुभ फल प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि एकाग्र भाव से मां की स्तुति करने से जीवन के सभी भय दूर होते हैं और अकाल मृत्यु का खतरा भी टलता है।
कथा में बताया गया कि भगवती राजराजेश्वरी जीवन में व्याप्त अंधकार और नकारात्मकता का नाश कर भक्तों की बुरी शक्तियों से रक्षा करती हैं। देवी भागवत कथा का श्रवण मात्र ही व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है और अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त करता है। कथा के दौरान वराह अवतार, गंगावतरण आख्यान, अधोलोक तथा तुलसी महात्म्य जैसे प्रसंगों का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया।

कथा में शिवधाम ज्योतिनगर समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, वार्ड पार्षद राम जय सिंह, सर्वेश सोनी, विशाल अग्रवाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं भक्त वृंद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कथा के मुख्य यजमान श्रीमती नीलू लव राठौर परीक्षित बनकर कथा का रसास्वादन कर रहे हैं, जिससे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।



