कोरबा
पाली रोड झाबर स्थित ट्रांसफार्मर में लगी आग, क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
सम्राट टायर के बगल आगजनी की घटना

@सुशील तिवारी
दीपका थाना अंतर्गत पाली रोड झाबर स्थित सम्राट टायर के बगल में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना लगभग सुबह 11:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
आग लगते ही आसपास के दुकानदार व स्थानीय लोग एहतियातन अपना सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाते नजर आए। ट्रांसफार्मर से उठती तेज लपटों और धुएं के कारण कुछ देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा।
घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दे दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पूर्व उप सरपंच भाजपा दीपका मंडल के उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल समेत स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



