कोरबाखास खबर

श्रमिक संगठन एटक का दो दिवसीय छठवा अधिवेशन संपन्न कामरेड कन्हैया सिंह बने केंद्रीय अध्यक्ष, अजय विश्वकर्मा को महासचिव का दायित्व

गेवरा के दीपक उपाध्याय को केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष का दायित्व

@सुशील तिवारी

संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) एसईसीएल का दो दिवसीय छठा अधिवेशन मधुबन क्लब, राजनगर (हसदेव क्षेत्र) में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में सर्वसम्मति से कामरेड कन्हैया सिंह को केंद्रीय अध्यक्ष तथा कामरेड अजय विश्वकर्मा को केंद्रीय महासचिव चुना गया। साथ ही, विजय मुदलियार को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।

सम्मेलन में एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्य वक्ता कामरेड रामेन्द्र कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विद्यासागर गिरी, महामंत्री हरिद्वार सिंह तथा अध्यक्ष कामरेड अजय विश्वकर्मा विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए 170 प्रतिनिधियों ने अधिवेशन में भाग लिया।

कार्यक्रम में महामंत्री कामरेड हरिद्वार सिंह ने पिछले चार वर्षों की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस पर संगठन के 30 प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत करने, केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने तथा श्रमिकों की समस्याओं को सुलझाने पर गहन चर्चा हुई।

श्रमिक नेता काम.दीपक उपाध्याय बने केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष

गेवरा क्षेत्र के श्रमिक नेता कामरेड दीपक उपाध्याय को केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके चयन से संगठन के कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड रामेन्द्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों के पक्ष में श्रम कानूनों में बदलाव कर रही है। उन्होंने चार लेबर कोड को मजदूर-विरोधी बताया और इसके खिलाफ संघर्ष करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने घोषणा की कि 20 मई को देशव्यापी हड़ताल आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी ट्रेड यूनियन हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड विद्यासागर गिरी ने कहा कि मौजूदा सरकार श्रमिकों के अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। ऐसे समय में ट्रेड यूनियनों को अधिक सक्रिय होकर काम करने की जरूरत है।

महामंत्री कामरेड हरिद्वार सिंह ने कहा कि एसईसीएल के ठेका मजदूरों को न्याय दिलाने के लिए संगठन पूरी मजबूती से लड़ेगा और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

नवनियुक्त केंद्रीय अध्यक्ष कामरेड कन्हैया सिंह और महासचिव कामरेड अजय विश्वकर्मा ने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा श्रमिकों के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।

sushil tiwari

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!