Rajim News: राजिम विधानसभा को दो नए उच्च स्तरीय पुलों की सौगात, करोड़ों की परियोजनाओं को मिली मंजूरी

राजिम विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित दो प्रमुख पुल निर्माण की मांग को अंततः प्रदेश सरकार ने पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने महासमुंद-राजिम मार्ग और छुरा-कोमाखान मार्ग पर दो उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे स्थानीय जनता को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
दो पुलों के लिए 18 करोड़ से अधिक की स्वीकृति
राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की पहल पर राज्य सरकार ने इन दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी महासमुंद-राजिम मार्ग पर फिंगेश्वर के निकट सरगी नाला पुल निर्माण
स्वीकृत राशि: ₹8 करोड़ 21 लाख 16 हजार
छुरा-कोमाखान मार्ग पर कोसमबुड़ा के पास पुल निर्माण
स्वीकृत राशि: ₹10 करोड़ 63 लाख 75 हजार
इन दोनों परियोजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति वित्त विभाग की सहमति के बाद लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा जारी कर दी गई है।
बरसात में बंद हो जाता था रास्ता, अब मिलेगी स्थायी राहत
इन पुलों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बरसात के मौसम में सरगी नाला में पानी का बहाव इतना तेज होता था कि महासमुंद-राजिम मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाता था। वहीं, कोसमबुड़ा के पास संकीर्ण पुल के कारण यातायात में आए दिन दिक्कत होती थी। अब इन दोनों स्थानों पर नए पुल बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
विधायक रोहित साहू ने बताया विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम
इस उपलब्धि पर विधायक रोहित साहू ने खुशी जताते हुए कहा “यह स्वीकृति राजिम क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। वर्षों से लंबित मांगों को हमारी सरकार ने पूरा किया है। पुल निर्माण से न केवल आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।”
उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि “यह पुल आने वाली पीढ़ियों को विकास की नई राह दिखाएगा। भाजपा सरकार की सुशासन नीति के तहत राजिम क्षेत्र आज तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।”