Missing case: बस्तर से बालिग और नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी का मामला चिंताजनक: महिला आयोग ने दी चेतावनी

बस्तर संभाग में बालिग और नाबालिग लड़कियों की लगातार गुमशुदगी का मामला अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है। छत्तीसगढ़ महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में इस संकट का खुलासा करते हुए बताया कि सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में कुल 54 लड़कियां अभी भी लापता हैं।
दीपिका सोरी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुकमा में 14, दंतेवाड़ा में 35 और बीजापुर में 5 लड़कियां गुम हैं। पिछले पांच वर्षों में यह संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है, और आशंका जताई जा रही है कि कुछ लड़कियां मानव तस्करी या अन्य खतरनाक परिस्थितियों का शिकार हो सकती हैं।
उन्होंने माता-पिता से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को इस तरह के खतरों से बचाने के लिए उन्हें सही संस्कार और सुरक्षित माहौल दें, ताकि वे अनजान लोगों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि हालांकि बस्तर में मानव तस्करी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लापता लड़कियों की संख्या देखकर यह चिंता बन जाती है कि कहीं ये बच्चे किसी गंभीर समस्या में फंसी हुई तो नहीं हैं।
दीपिका ने बताया कि कुछ समय पहले भी एक लड़की लापता हुई थी, जो बाद में राजस्थान में कोर्ट मैरिज कर चुकी थी, जिससे परिवार के लिए उसे वापस लाना मुश्किल हो गया। इस तरह की घटनाएं इस समस्या की गहराई को दर्शाती हैं।