71 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, सीएम विष्णुदेव साय ने बताया सरकार की नीतियों का असर

रायपुर: दंतेवाड़ा जिले में एक बड़ी सफलता के तौर पर 71 नक्सलियों ने बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटनाक्रम को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे राज्य सरकार की प्रभावशाली योजनाओं का परिणाम बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “छंट रहा है नक्सलवाद का अंधियारा, बदल रहा है दंतेवाड़ा।” उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से 30 पर 50 हजार से लेकर 8 लाख रुपये तक का इनाम था, जिसकी कुल राशि 64 लाख रुपये बैठती है। यह आत्मसमर्पण सरकार की नवीन आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025, नियद नेल्ला नार योजना, और पूना मारगेम तथा लोन वर्राटू अभियान की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बनाए गए भरोसेमंद वातावरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते माओवादी हिंसा से भटके लोग अब शांति और विकास की राह अपना रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब तक 1770 से अधिक माओवादी मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त किया जाए और आत्मसमर्पण करने वाले सभी साथियों को सम्मानजनक पुनर्वास व बेहतर जीवन सुनिश्चित किया जाए।