पाली रोड में अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर ने जांच कार्रवाई के दिए निर्देश
अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई से वार्डवासी खुश

@सुशील तिवारी
नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 11 में स्थित पुष्प वाटिका और काला मैदान में अवैध अतिक्रमण के मामले में कोरबा कलेक्टर अब एक्शन मोड में आ गए है । उन्होंने मामले की गंभीरता लेते हुए नगरपालिका को तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं।
पार्षद अविनाश सिंह द्वारा भेजे गए शिकायत पत्र के बाद नगरपालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है।
शिकायत पत्र में बताया गया था कि वार्ड क्रमांक 11 स्थित पुष्प वाटिका एवं काला मैदान के साथ-साथ मुख्य मार्ग के किनारे पिछले कई वर्षों से लोगों द्वारा अवैध रूप से भूमि पर कब्जा कर भवन निर्माण कर दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति बन रही है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही नगर पालिका की बेशकीमती भूमि पर अतिक्रमण होने से शासन को राजस्व की भी हानि भी हो रही है।
पार्षद ने पत्र में उक्त अतिक्रमण हटाकर भूमि को मुक्त कराने तथा वहां व्यवस्थित रूप से व्यावसायिक परिसर का निर्माण कराने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका प्रशासन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद नगर पालिका परिषद ने स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समिति द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निर्देश मिलते ही जांच करवाई शुरू-सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर का अतिक्रमण संबंधी निर्देश प्राप्त हुआ है। निर्देश का अक्षरशः पालन करते हुए परिषद द्वारा जांच कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित पक्ष को नोटिस देकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में कहीं भी अवैध अतिक्रमण को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।
राजेश कुमार गुप्ता
सीएमओ, नपा दीपका
वार्ड में अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायत मिल रही थी – अविनाश सिंह
नगर पालिका वार्ड पार्षद अविनाश सिंह ने बताया कि वार्ड में एक ही खेल मैदान है जिसमें अतिक्रमण को लेकर लोग परेशान थे । इस संबंध में कलेक्टर को पत्र सौंपा गया था। कलेक्टर के निर्देश के बाद दीपका नगर पालिका प्रशासन द्वारा जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में दीपका सीएमओ को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड के लोगों के द्वारा अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायत कर रहे थे ।
अविनाश सिंह
पार्षद , नपा दीपका



