छत्तीसगढ़

अहमदाबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में छत्तीसगढ़ को मिला 33 हजार करोड़ का निवेश प्रस्ताव, 10 हजार से ज्यादा रोजगार सृजन

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को लगभग 33 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों से राज्य में 10,532 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने थर्मल पावर, ग्रीन स्टील, सोलर सेल, फार्मा और मेडिकल फूड सप्लीमेंट जैसे क्षेत्रों की बड़ी कंपनियों को इन्वेस्टमेंट लेटर्स सौंपे।

उद्योगपतियों के साथ संवाद, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में देश के शीर्ष उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुजरात की तरह छत्तीसगढ़ भी उद्योग, निवेश और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

“गुजरात के पास उद्यम है, तो छत्तीसगढ़ के पास ऊर्जा, खनिज और कुशल जनशक्ति—दोनों राज्य मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।”

सरकार ने किए 350 से अधिक सुधार

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने बीते 22 महीनों में 350 से अधिक सुधार किए हैं, जिससे उद्योग लगाना और आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम से एनओसी अब तेजी से जारी हो रही है। नई औद्योगिक नीति के तहत उद्योगों को विशेष अनुदान और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं, खासकर बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय क्षेत्रों में निवेश के लिए अतिरिक्त लाभ दिए जा रहे हैं।

ऊर्जा और खनिज में अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ कोयला उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है और हाल ही में आयोजित एनर्जी समिट में राज्य को 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
राज्य में थर्मल, हाइडल, सोलर और वन आधारित उद्योगों की बड़ी संभावनाएं हैं।
इसके अलावा नवा रायपुर को आईटी और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने निवेश में रुचि दिखाई है।

इन कंपनियों ने किए निवेश के प्रस्ताव

लीजियम लाइफ साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड – फार्मा और मेडिकल फूड सप्लीमेंट निर्माण के लिए ₹101 करोड़ का निवेश, 750 रोजगार।

टोरेंट पावर लिमिटेड, अहमदाबाद – ₹22,900 करोड़ की लागत से 1600 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट, 5000 रोजगार।

टोरेंट फार्मास्युटिकल लिमिटेड – ₹200 करोड़ निवेश से नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, 200 रोजगार।

ओनिक्स थ्री एनर्सोल प्राइवेट लिमिटेड – ₹9,000 करोड़ के निवेश से ग्रीन हाइड्रोजन, अमोनिया और स्टील प्लांट, 4,082 रोजगार।

माला क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड, सूरत – ₹700 करोड़ से 2GW सोलर सेल यूनिट, 500 रोजगार।

मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल – ₹300 करोड़ निवेश से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार।

सफायर सेमीकॉम प्राइवेट लिमिटेड – ₹120 करोड़ से सेमीकंडक्टर यूनिट, 4000 रोजगार।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग सचिव रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, और सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Ashok Kumar Sahu

Editor, cgnewstime.cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!