रायपुर की साइंस कॉलेज चौपाटी पर निगम की सख्त कार्रवाई, कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

रायपुर: राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह नगर निगम की ओर से साइंस कॉलेज चौपाटी हटाने की कार्रवाई ने शहर के माहौल को अचानक गर्म कर दिया। निगम ने सुबह पांच बजे से पहले ही चौपाटी खाली कराने का आदेश जारी किया था, जिसके विरोध में व्यापारी रातभर धरने पर बैठे रहे और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताते रहे।
कांग्रेस नेता मौके पर, जेसीबी रोककर किया विरोध
व्यापारियों का समर्थन करने के लिए पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल और निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी रात से ही मौके पर डटे रहे। सुबह जब नगर निगम की टीम जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ पहुंची, तो कांग्रेस नेताओं व समर्थकों ने मशीनों के सामने लेटकर कार्रवाई रोकने की कोशिश की। तनाव बढ़ने पर निगम कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बन गई।
पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया हिरासत में
परिस्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को अस्थायी रायपुर सेंट्रल जेल में रखा गया है। इधर, निगम की ओर से चौपाटी हटाने की कार्रवाई बिना रुकावट जारी है।
कांग्रेस की अपील—व्यापारियों को न उजाड़ा जाए
कांग्रेस नेताओं ने निगम अधिकारियों से अपील की कि चौपाटी पर अपनी दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी को न उजाड़ा जाए। लेकिन निगम प्रशासन ने इसे सरकारी कार्य में बाधा बताते हुए कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया। चौपाटी क्षेत्र में अभी भी माहौल तनावपूर्ण है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।



