Mahatari Vandan Yojana: 20वीं किश्त जारी, महिलाओं के खाते में सीधे 606 करोड़ ट्रांसफर

बस्तर दशहरा के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महतारी वंदन योजना के तहत 606 करोड़ से अधिक की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर की घोषणा की। यह बड़ी राशि स्वदेशी मेले के मंच से सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी गई। इस खबर से लाभार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि दशहरा के बाद आने वाले दीपावली पर्व के मौके पर यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई।
महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त जारी
अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर राज्य सरकार ने पहले ही योजना की 20वीं किश्त उनके हाथों जारी करने का निर्णय लिया था। छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने अमित शाह के आगमन से पहले ही हितग्राहियों के खातों में राशि भेजने की पूरी तैयारी कर ली थी।
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य
यह योजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल है, जिसका मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत प्रत्येक महिला को मासिक 1,000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह योजना बीजेपी ने चुनावों में प्रचारित की थी और इसके तहत अब तक करीब 12,376 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। यह न केवल पारदर्शिता का उदाहरण है बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम भी है।