दीपका बिजली विभाग दफ्तर में एंटी करप्शन ब्यूरो का छापा, सहायक अभियंता सतेन्द्र दिवाकर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई देखें वीडियो

@सुशील तिवारी
दीपका स्थित बिजली विभाग के दफ्तर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने अचानक दबिश दी। जानकारी के अनुसार भिलाई बाजार क्षेत्र के एक उपभोक्ता की शिकायत पर एसीबी ने कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के सहायक अभियंता सतेन्द्र दिवाकर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के मुताबिक शिकायतकर्ता उपभोक्ता से किसी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिसकी सूचना एसीबी को दी गई थी। पूरी योजना के तहत एसीबी ने जाल बिछाया और तय रकम लेते ही आरोपी अधिकारी को धर दबोचा।
सुबह 10:30 बजे कार्यालय में दाखिल हुई एसीबी टीम
बताया गया कि आज सुबह करीब 10:30 बजे एसीबी के अधिकारी बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया और किसी भी कर्मचारी या आम नागरिक को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कर्मचारियों और आम लोगों में मचा हड़कंप
एसीबी की मौजूदगी और गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कार्यालय परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं विभाग के अन्य कर्मचारी सहमे नजर आए। काफी देर तक कार्यालय के भीतर पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की जाती रही।
एसीबी जांच में जुटी, और खुलासों की संभावना
एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। एसीबी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



