कोरबाछत्तीसगढ़

दीपका क्षेत्र से संध्या नेताम, इंदु चौहान और गेवरा से मीना मिश्रा को ‘बेस्ट वुमन वर्कर अवॉर्ड’ से किया गया सम्मानित

@सुशील तिवारी

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एसईसीएल के दीपका क्षेत्र की दो महिला कर्मचारियों — संध्या नेताम और इंदु चौहान  और गेवरा एरिया से  डाटा एंट्री ऑपरेटर मीना  मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों और योगदान के लिए ‘बेस्ट वुमन वर्कर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन द्वारा प्रदान किया गया।
दीपका क्षेत्र के सीएसआर विभाग में मैनेजर (कम्युनिटी डेवलपमेंट) के पद पर कार्यरत संध्या नेताम वर्ष 2014 से एसईसीएल में अपनी सेवाएं दे रही हैं। समुदाय विकास के क्षेत्र में उन्होंने उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार पूर्ण सोच और सामाजिक समस्याओं के समाधान की क्षमता का परिचय दिया है।
संध्या नेताम द्वारा दीपका खदान क्षेत्र के आसपास के गांवों में ग्रामीणों की आवश्यकताओं का आकलन कर कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन योजनाओं को ग्रामीणों से परामर्श और जिला प्रशासन के सुझावों के आधार पर लागू किया जाता है, जिससे स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
उनकी विशेष उपलब्धियों में परियोजना प्रभावित ग्राम सिरकी खुर्द के स्व-सहायता समूहों को आजीविका के लिए पेपर कप एवं प्लेट बनाने की दो मशीनें उपलब्ध कराना, हरदीबाजार गांव में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पांच स्थानों पर 10 सीसीटीवी कैमरे लगवाना तथा चैनपुर गांव में टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है।
संध्या नेताम को उनके उत्कृष्ट प्रबंधन और कार्यक्षमता के लिए वर्ष 2024-25 में ‘यंग मैनेजर अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनके प्रयासों से क्षेत्र के ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और सामाजिक विकास को नई दिशा मिल रही है।
वहीं दीपका क्षेत्र के एमएम विभाग में सीनियर डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत इंदु चौहान भी अपनी कार्यकुशलता के लिए जानी जाती हैं। वे वर्ष 2009 से एसईसीएल में सेवा दे रही हैं और वर्ष 2015 से दीपका क्षेत्र के एमएम विभाग में पदस्थ हैं।
इंदु चौहान विभाग में प्रोक्योरमेंट से जुड़े कार्य, जैसे GeM पोर्टल पर ई-टेंडरिंग, डिपो एग्रीमेंट तथा टीसीआर तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं। इसके अलावा उन्होंने पतंजलि योगपीठ  हरिद्वार से योग में प्रमाणपत्र कोर्स भी किया है।  वही गेवरा परियोजना से डाटा एंट्री ऑपरेटर मीना मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्य सम्पादन और रोड मोड SAP में सफल क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया गया ।


इस अवसर पर एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन  ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा से नई मिसाल कायम कर रही हैं। एसईसीएल में कर्मठ महिलाओं का योगदान न केवल संस्थान के लिए बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायी है। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में और भी महिलाएं आगे बढ़कर नेतृत्व की भूमिका निभाएंगी और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

sushil tiwari

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!