कोरबारायपुर

दीपका पालिका में बजट पर मचा घमासान: कांग्रेस ने उठाए सवाल, अध्यक्ष और सीएमओ के बयान में विरोधाभास

@sushil tiwari

नगर पालिका परिषद दीपका में वार्षिक बजट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विशाल शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत और परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परिषद का कार्यकाल शुरू हुए डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक बजट प्रस्तुत नहीं किया गया है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
विशाल शुक्ला ने कहा कि प्रतिवर्ष बजट बैठक आयोजित कर पार्षदों की उपस्थिति में आय-व्यय का ब्यौरा तथा आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा तय की जाती है, लेकिन इस बार जून माह के प्रारंभिक पखवाड़े तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष मद की राशि भी लंबे समय से खर्च नहीं की गई है। डेढ़ वर्ष बीत जाने के बावजूद यह राशि यथावत पड़ी हुई है, जिससे नगर विकास को लेकर गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे गर्मी के मौसम में नगरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा, लेकिन नगर पालिका की ओर से कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। वहीं मानसून की दस्तक से पहले नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत कार्यों पर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते तैयारी नहीं होने पर पहली ही बारिश में नालियों का गंदा पानी सड़कों और लोगों के घरों तक पहुंच सकता है।
विशाल शुक्ला ने मांग की कि नगर पालिका परिषद शीघ्र बजट बैठक आयोजित कर नगर के विकास की स्पष्ट रूपरेखा जनता और पार्षदों के समक्ष रखे तथा लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करे।

विशाल शुक्ला ने आगे कहा कि बिना बजट के विकास की बात करना केवल कागजी दावा है। नगर पालिका को जनता के प्रति जवाबदेह बनना होगा और बजट पेश कर यह बताना होगा कि आने वाले समय में दीपका के विकास के लिए उसकी क्या योजना है।

0 जनहित में ही खर्च होगी अध्यक्ष निधि, बैठक में देरी पर सीएमओ दें जवाब : राजेंद्र राजपूत नपाध्यक्ष

दीपका नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने कहा कि वार्षिक बजट बैठक आयोजित करने के लिए वे पिछले दो महीनों से मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लगातार निर्देश दे रहे हैं। इसके बावजूद बैठक क्यों नहीं हो सकी और देरी के क्या कारण हैं, इसका जवाब सीएमओ ही दे सकते हैं। अध्यक्ष निधि को लेकर उन्होंने कहा कि यह राशि जनता के हित और आवश्यक विकास कार्यों पर ही खर्च की जाएगी। किसी व्यक्ति विशेष के दबाव, निजी लाभ या राजनीतिक स्वार्थ के लिए निधि का उपयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और विकास कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार के दबाव या षड्यंत्र की उन्हें परवाह नहीं है।

0 सामान्य सभा बजट बैठक को लेकर अध्यक्ष से कोई चर्चा नहीं हुई : राजेश कुमार गुप्ता सीएमओ

नगर पालिका दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने वार्षिक बजट बैठक को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से बजट संबंधी कोई लिखित अथवा मौखिक चर्चा उनके साथ नहीं की गई है और न ही इस संबंध में कोई प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उपचुनाव के कारण आचार संहिता प्रभावी थी। 4 जून को मतगणना संपन्न होने के बाद बजट प्रस्ताव नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद सामान्य सभा की बैठक के लिए तिथि एवं समय निर्धारित किया जाएगा। सीएमओ ने कहा कि बजट सहित अन्य विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव सामान्य सभा में रखे जाएंगे, जहां चर्चा उपरांत आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

sushil tiwari

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!