
सुशील तिवारी
गेवरा में अंतर क्षेत्रीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ
उद्घाटन मैच में गेवरा ने हसदेव एरिया को 5-0 से हराया
गेवरा क्रीड़ांगन में अंतर क्षेत्रीय हॉकी
का भव्य कल भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में गेवरा एरिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से हसदेव एरिया को 5-0 के बड़े अंतर से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। इस मुकाबले में गेवरा टीम के कप्तान अरविंद सिंह ने अपनी हरफनमौला खेल क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। इसके अलावा रवि महानंदा, प्रवीण और विनीत पटेल ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेवरा के गोलकीपर राजन ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में कुल 17 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनमें गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, कोरबा, भटगांव, जोहिला, रायगढ़, सोहागपुर, बैकुंठपुर, बिलासपुर मुख्यालय, हसदेव, जमुना-कोतमा, सीईडब्ल्यूएस कोरबा, विश्रामपुर, चिरमिरी, दानकुनी, रायगढ़ और सीडब्ल्यूएस गेवरा शामिल हैं।
स्पर्धा का शुभारंभ गेवरा एरिया के महाप्रबंधक श्री स्वरूप कुमार मोहंती ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है और आज भी इस खेल में दर्शकों की गहरी रुचि बनी हुई है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य कार्मिक प्रबंधक अजय बेहरा,जेसीसी सदस्य और विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह का संचालन कार्मिक विभाग की प्रबंधक रमा चक्रवर्ती ने किया।