बेलटेकरी पंचायत में सीसी रोड निर्माण की मांग, सरपंच गौरीबाई ने कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत को लिखा पत्र

@SUSHIL TIWARI
ग्राम पंचायत बेलटेकरी की सरपंच गौरीबाई कंवर ने वार्डो में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत को पत्र लिखकर सीसी रोड निर्माण की मांग की है। उन्होंने डीएमएफ मद से एसईसीएल प्रभावित पुनर्वास ग्राम बेलटेकरी में विकास कार्यों के लिए अनुशंसा करने का अनुरोध किया है।

आवेदन पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत बेलटेकरी एसईसीएल से प्रभावित एवं पुनर्वासित गांव है, लेकिन इसके बावजूद अब तक डीएमएफ योजना के तहत अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। सरपंच ने बताया कि ग्राम में कई आवश्यक विकास कार्य लंबित हैं, जिनमें सड़क निर्माण प्रमुख है।
पत्र में दो प्रमुख सीसी रोड निर्माण कार्यों का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत वार्ड क्रमांक 01 में लगभग 500 मीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण की मांग की गई है, जिसकी अनुमानित लागत 15 लाख रुपए बताई गई है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 03 में करीब 350 मीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है, जिसकी लागत 12 लाख रुपए आंकी गई है।
सरपंच ने सांसद से इन कार्यों को डीएमएफ मद से स्वीकृत कराने के लिए अनुशंसा करने की मांग करते हुए कहा है कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का विकास होगा।



