काम. दीपक उपाध्याय बने इंडियन माइन वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, रमेन्द्र कुमार फिर महासचिव चुने गए

CG NEWS TIME 
एटक से संबद्ध इंडियन माइन वर्कर्स फेडरेशन (IMWF) का 14वां दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 20 एवं 21 मई को ओडिशा के पुरी में आयोजित किया गया। सम्मेलन में देशभर के कोल इंडिया क्षेत्रों से करीब 300 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अधिवेशन में सर्वसम्मति से अशोक यादव को अध्यक्ष तथा एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, फेडरेशन के महामंत्री एवं पूर्व सांसद रमेन्द्र कुमार को पुनः महासचिव चुना गया।
सम्मेलन में गेवरा क्षेत्र के महासचिव दीपक उपाध्याय को संगठन का उपाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। उनके चयन पर श्रमिक संगठनों और मजदूर साथियों में उत्साह देखा गया। लंबे समय से श्रमिक हितों, संगठन की मजबूती और मजदूर एकता के लिए सक्रिय दीपक उपाध्याय को उनके संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के आधार पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई कार्यकारिणी में अजय कुमार (NCL), सतीश कुमार सिन्हा (CCL), अकबर अली (SCCL), अमर सिंह (ECL), रामाश्रय ठाकुर (CMPDI), गोपाल शरण ओझा (ECL), कन्हैया सिंह (SECL), मनोज पाण्डेय (SECL), दीपक उपाध्याय (SECL), दीपेश मिश्रा (SECL), ढुल्लु महतो (BCCL) और बिंध्याचल (CCL) को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं लखनलाल महतो को अतिरिक्त महासचिव, हरिद्वार सिंह, गुरुदास चक्रबर्ती, एसके शर्मा, के राजकुमार और अजय विश्वकर्मा को संयुक्त महासचिव चुना गया। केंद्रीय सचिव मंडल में नरेश मंडल, शत्रुघ्न महतो, अनिल सिंह, अखिलेश सिंह, रावेन्द्र शुक्ला, एसके बाजी सयदा, रोशन लाल चौधरी, बीरेंद्र कुमार सिंह, श्रीकांत चौधरी, प्रभाकर त्रिपाठी और बीडी राय शामिल किए गए। नरेश मंडल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिवेशन में श्रमिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में चार लेबर कोड का विरोध करते हुए 12वें जेबीसीसीआई का तत्काल गठन करने की मांग उठाई गई। साथ ही ठेका मजदूरों के शोषण को बंद करने, नियमित कर्मचारियों के बराबर वेतन और सुविधाएं देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
दीपक उपाध्याय के चयन पर संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रमिक साथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।



