दीक्षा महिला समिति ने ग्राम गढ़कटरा के एकल विद्यालय में बच्चों को वितरित की उपयोगी सामग्री
दीपका की दीक्षा महिला समिति का सराहनीय पहल

@सुशील तिवारी
श्रद्धा महिला मंडल एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों से प्रेरणा लेते हुए दीक्षा महिला समिति दीपका क्षेत्र ने समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए ग्राम गढ़कटरा स्थित एकल प्राथमिक शाला संकुल सतरेंगा, जिला कोरबा में अध्ययनरत बच्चों के लिए विभिन्न आवश्यक और उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया।

दीक्षा महिला समिति द्वारा विद्यालय को 30 नग गद्दा, 30 नग कंबल, 30 नग थाली, 30 नग गिलास, 2 नग पानी ड्रम, 1 नग बर्तन गंज, 1 नग कड़ाही, सब्जीदानी (चम्मच सहित) 1 नग, चावल डोंगा (चम्मच सहित) 1 नग एवं 2 नग पलटा भेंट किए गए। इन सामग्रियों से बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके पोषण एवं दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि एकल विद्यालय भारत के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा प्रदान करने का एक अनूठा मॉडल है, जहां एक आचार्य द्वारा विद्यालय संचालित किया जाता है। इस पद्धति में बच्चों को बुनियादी शिक्षा के साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का संस्कार भी दिया जाता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान दीपका महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती रंभा मिश्रा ने कहा कि समिति भविष्य में भी बच्चों की शिक्षा एवं पोषण से जुड़े कार्यों में निरंतर सहयोग करती रहेगी। इस अवसर पर दीक्षा महिला समिति की सचिव सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
एसईसीएल दीपका की दीक्षा महिला समिति द्वारा एकल विद्यालय ग्राम गढ़कटरा में आयोजित कार्यक्रम में आरएसएस से जुड़े समाजसेवी अश्वनी मिश्रा,नव निर्वाचित अंचल समिति अध्यक्ष किताब सिंह पैकरा, वेद प्रसाद यादव, रूपलाल, कौस्तुक घनश्याम चौहान सहित बालको से समस्त आचार्य दीदी जी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी का सराहनीय योगदान रहा।



