नपा पार्षद हिमांशु देवांगन ने कॉलोनी के अंदर जर्जर सड़कों को डामरीकरण कराने की मांग, गेवरा जीएम को लिखा पत्र
वार्ड वासियों ने पार्षद की पहल का सराहना किया

@सुशील तिवारी
नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड पार्षद हिमांशु देवांगन ने एसईसीएल गेवरा प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी के अंदर जर्जर हो चुकी सड़कों और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसईसीएल द्वारा सड़क डामरीकरण का कार्य केवल मुख्य मार्गों तक सीमित रखा गया है।

पार्षद ने बताया कि गेवरा स्टेडियम से आजाद चौक होते हुए काली मंदिर तक मुख्य मार्ग में ही डामरीकरण किया जा रहा है, जबकि कॉलोनी परिसर के अंदर स्थित एमडी, एमक्यू, बी-टाइप और एनसीएच क्वार्टरों के बीच की सड़कों की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। इन सड़कों के गड्ढों और जर्जर हालत के कारण कॉलोनीवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार लिखित व मौखिक रूप से महाप्रबंधक को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। इसके साथ ही गेवरा कॉलोनी की मुख्य और उप नालियां भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे जल निकासी की समस्या बनी हुई है।
पार्षद हिमांशु देवांगन ने मुख्य महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि मुख्य सड़क निर्माण के साथ-साथ कॉलोनियों के अंदर की सड़कों का भी डामरीकरण कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत जल्द कराई जाए, ताकि कॉलोनी में रहने वाले कर्मियों और उनके परिवारों को सुगम आवागमन और बेहतर स्वच्छता की सुविधा मिल सके।



