
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सिविल जज परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें श्वेता दीवान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुल 49 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। इस परीक्षा में 150 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया था और अब मेरिट सूची जारी कर दी गई है।
श्वेता दीवान ने पहले स्थान पर अपनी जगह बनाई, वहीं महिमा शर्मा ने दूसरा, निखिल साहू ने तीसरा और प्रियदर्शन गोस्वामी ने चौथा स्थान हासिल किया। आयुषी शुक्ला ने पांचवां, भमानी राठी ने छठा, नंदनी पटेल ने सातवां, आरती ध्रुव ने आठवां, अदिति शर्मा ने नौवां और द्विज सिंह सेंगर ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
इस परिणाम से यह भी स्पष्ट होता है कि सिविल जज परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी और सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आया है, क्योंकि टॉप 10 में कई महिला अभ्यर्थियों का दबदबा रहा है।
इस सफलता के बाद चयनित उम्मीदवार अब छत्तीसगढ़ राज्य न्यायपालिका में योगदान देने के लिए तैयार हैं। CGPSC ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।